पर्यावरण

नून नदी में चला स्वच्छता अभियान, स्वयंसेवकों ने निकाला 130 किलो कचरा

 

सपोर्ट विंग्स की पहल पर युवाओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी किया श्रमदान

देहरादून, 7 नवंबर । पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जलस्रोतों की स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामाजिक संगठन सपोर्ट विंग्स ने देहरादून के गलज्वाड़ी क्षेत्र में नून नदी के किनारे स्वच्छता अभियान चलाया। कामाख्या देवी मंदिर के समीप आयोजित इस अभियान में संगठन के युवा स्वयंसेवकों ने नदी और उसके आसपास के क्षेत्र से लगभग 125 से 130 किलोग्राम कचरा एकत्र किया।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। स्वयंसेवकों ने नदी के आसपास बिखरे कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को कचरे के उचित निस्तारण और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के महत्व से भी अवगत कराया गया।

अभियान की विशेष बात यह रही कि वहां से गुजर रहे कई स्थानीय लोग भी स्वेच्छा से सफाई कार्य में शामिल हो गए। उन्होंने न केवल स्वयंसेवकों का सहयोग किया, बल्कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे अभियानों में भागीदारी करने की इच्छा भी जताई। आयोजकों के अनुसार, स्थानीय लोगों की यह पहल दर्शाती है कि सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।

सपोर्ट विंग्स की वरिष्ठ निदेशक दिया कोठारी ने कहा कि युवा जब किसी सामाजिक उद्देश्य के लिए एकजुट होते हैं तो सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से युवाओं को अपने आसपास के पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। छोटे-छोटे प्रयास भी स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने अभियान में सक्रिय भागीदारी करने वाले स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि सपोर्ट विंग्स युवाओं द्वारा संचालित एक सामाजिक संगठन है, जो देश के 80 से अधिक शहरों में सक्रिय है। संगठन नेतृत्व विकास, प्रशिक्षण, स्वयंसेवा और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। नून नदी में आयोजित स्वच्छता अभियान भी इसी दिशा में एक पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!