नारायणबगड़ के सनेड गांव में करंट लगने से 28 वर्षीय युवती की मौत
थराली, 8 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विधानसभा क्षेत्र थराली के अंतर्गत नारायणबगड़ विकासखंड के सनेड गांव में करंट लगने से 28 वर्षीय युवती की मौत हो गई। इस घटना से गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सनेड गांव, डाकघर मिंगगद्देरा निवासी 28 वर्षीय कविता पुत्री पदम सिंह अचानक करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण युवती को गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही नारायणबगड़ पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र भारती पुलिस टीम के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रविवार को गमगीन माहौल में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कविता की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दुखद घटना से सनेड गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

