थराली की महिला रामलीला में राम-परशुराम संवाद और सीता विवाह का आकर्षक मंचन
महिला कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों का मन मोहा, आयोजन के प्रति बढ़ रहा उत्साह
— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट —
थराली, 14 नवंबर। नगर पंचायत थराली के रामलीला मैदान में आयोजित नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला के चौथे दिन राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद और सीता विवाह के प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया गया। महिला कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामलीला का आनंद उठाया और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
थराली में 10 नवंबर से दूसरी बार आयोजित की जा रही महिला रामलीला श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि रामलीला के लगभग सभी पात्रों की भूमिकाएं महिलाएं निभा रही हैं। केवल हनुमान की भूमिका पुरुष कलाकार निभा रहे हैं। महिलाओं की इस अनूठी सांस्कृतिक पहल को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

रामलीला के चौथे दिन भगवान राम द्वारा शिव धनुष भंग किए जाने के बाद परशुराम के आगमन तथा राम, लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए संवाद का प्रभावशाली मंचन किया गया। विशेष रूप से लक्ष्मण-परशुराम संवाद के दौरान कलाकारों के अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। इसके बाद सीता विवाह के प्रसंग की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
चौथे दिन जिला पंचायत के चौंडा वार्ड की सदस्य कलावती देवी, सूना वार्ड के हरीश सोनियाल तथा भारतीय स्टेट बैंक थराली के शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश नौटियाल मुख्य रामसेवक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिला कलाकारों की प्रतिभा और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रामलीला के निर्देशक प्रेमचंद्र देवराड़ी ने कहा कि थराली की महिला रामलीला महिलाओं को अपनी अभिनय क्षमता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। महिला कलाकार जिस आत्मविश्वास और कुशलता के साथ विभिन्न पात्रों का अभिनय कर रही हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों से मिल रहा प्रोत्साहन आयोजन की सफलता का प्रमाण है।
रामलीला कमेटी की अध्यक्ष मीना बिष्ट ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महिला रामलीला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम बन रही है।
आयोजन को सफल बनाने में रामलीला कमेटी की उपाध्यक्ष कमला थपलियाल, सचिव सुनीता बिष्ट, कोषाध्यक्ष सुमन फर्स्वाण, कविता चंदोला, रीता भंडारी, उमा उनियाल, कला रावत, सरोजिनी देवराड़ी, गंगा सिंह बिष्ट, महेश उनियाल सहित अनेक स्थानीय लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


