74वें गौचर मेले का सफर : भोटिया व्यापार से औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान तक

– दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट –
गौचर, 14 नवंबर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला इस वर्ष अपने 74वें आयोजन के साथ एक और उपलब्धि दर्ज कर रहा है। वर्ष 1943 में एक छोटे से हाट-बाजार के रूप में शुरू हुए इस मेले ने अपने लंबे सफर में अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। विभिन्न कारणों से नौ बार इसका आयोजन नहीं हो सका, लेकिन बदलते समय के साथ मेले ने अपनी पहचान और लोकप्रियता बनाए रखी है।
चमोली जिले के गौचर मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले का इतिहास उत्तराखंड के सीमांत व्यापार, सामाजिक जीवन और सांस्कृतिक परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। शुरुआती दौर में मेले का मुख्य उद्देश्य दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना था। उस समय पहाड़ों में सड़क और यातायात सुविधाओं का लगभग अभाव था। सीमांत क्षेत्रों के भोटिया जनजाति के व्यापारी तिब्बत की मंडियों से सामान लाकर बकरियों और अन्य भारवाहक पशुओं के माध्यम से पहाड़ी बाजारों तक पहुंचाते थे।
पिथौरागढ़ जिले का जौलजीबी मेला उस दौर में भारत-तिब्बत व्यापार का एक प्रमुख केंद्र था। वहां से व्यापारी लंबी और कठिन यात्राएं कर गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में सामान बेचने पहुंचते थे। इस व्यवस्था के कारण गढ़वाल के लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति समय पर नहीं हो पाती थी।
इस समस्या को देखते हुए तत्कालीन पत्रकारों और समाजसेवियों ने गढ़वाल के जिलाधिकारी के समक्ष जौलजीबी की तर्ज पर गौचर में भी एक व्यापारिक मंडी स्थापित करने की मांग उठाई। इसी पहल के परिणामस्वरूप वर्ष 1943 में गौचर मेले की शुरुआत हुई। प्रारंभिक वर्षों में यह मेला मुख्यतः भोटिया व्यापारियों की गतिविधियों का केंद्र रहा और इसे भोटिया मेले के नाम से जाना जाता था।
वर्ष 1960 के आसपास भारत और तिब्बत के बीच व्यापारिक परिस्थितियों में बदलाव आने लगा। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद परंपरागत सीमांत व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके साथ ही गौचर मेले का पुराना व्यापारिक स्वरूप भी बदलने लगा।
पहले मेले के आयोजन की तिथियां निश्चित नहीं थीं, लेकिन बाद में इसे पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, 14 नवंबर से आयोजित करने की परंपरा शुरू हुई। इसी के साथ मेले को केवल व्यापार तक सीमित रखने के बजाय खेलकूद, औद्योगिक गतिविधियों, विकास योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी जोड़ा गया।
बदलते स्वरूप के साथ इसे औद्योगिक विकास प्रदर्शनी का नाम दिया गया। उस दौर में स्थानीय लोग इसे नुमाइश के नाम से भी पुकारते थे। धीरे-धीरे मेले में सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोककला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का महत्व बढ़ता गया।
बाद के वर्षों में इसका नाम गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला प्रचलित हुआ। दो वर्ष पहले इसे गौचर फेस्टिवल के नाम से भी आयोजित किया गया था, लेकिन अब पुनः इसके पुराने और स्थापित नाम को अपनाया गया है।
आज उत्तराखंड के गांवों और कस्बों में अनेक छोटे-बड़े मेलों का आयोजन होने लगा है। इसके बावजूद गौचर मेले का आकर्षण कम नहीं हुआ है। यह मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों के मिलन, लोकसंस्कृति के संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
आठ दशकों से अधिक की ऐतिहासिक यात्रा में गौचर मेला सीमांत व्यापार की आवश्यकता से निकलकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। यही कारण है कि बदलते दौर और बढ़ते विकल्पों के बावजूद लोगों के मन में इस ऐतिहासिक मेले के प्रति उत्साह आज भी बरकरार है।

