Front Page

न्यायमूर्ति केशव चंद्र धूलिया वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्तरांचल विश्वविद्यालय विजेता

ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय उपविजेता, आदित्य सिंह रौथाण सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित

देहरादून, 16 नवंबर। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में आयोजित चौथी न्यायमूर्ति केशव चंद्र धूलिया स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्तरांचल विश्वविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विश्वविद्यालय की मैत्रेयी पंत और शुभा सिंह की टीम को विजेता ट्रॉफी के साथ 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय की शगुन जोशी और आदित्य सिंह रौथाण की टीम उपविजेता रही। इस टीम को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।

प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय के आदित्य सिंह रौथाण को सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया। उन्हें विशेष ट्रॉफी और 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न विधि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की सात टीमों ने भाग लिया। इस वर्ष वाद-विवाद का विषय था, ‘महान नेता महान नेतृत्वकर्ता तैयार करते हैं।’ प्रतिभागियों ने नेतृत्व के गुणों, समाज और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व की भूमिका तथा नई पीढ़ी में नेतृत्व क्षमता विकसित करने जैसे पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता की अध्यक्षता उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां तथा नकद पुरस्कार प्रदान किए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में रतूड़ी ने विधि के विद्यार्थियों के वाद-विवाद के उच्च स्तर की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। विश्व के देशों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण भारत इतिहास के एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है। ऐसी परिस्थितियों में नई पीढ़ी की नेतृत्व क्षमता और वैचारिक परिपक्वता का विशेष महत्व है।

इस अवसर पर उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने न्यायमूर्ति केशव चंद्र धूलिया चौथी निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा नकद पुरस्कार प्रदान किए। यह प्रतियोगिता 23 अक्टूबर 2026 को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में आयोजित की गई थी।

निबंध प्रतियोगिता में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की वंदना कांडपाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक और 25 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। डीबीएस विश्वविद्यालय की अनमोलप्रीत कौर को द्वितीय स्थान पर रजत पदक और 15 हजार रुपये तथा उत्तरांचल विश्वविद्यालय की निधि मलिक को तृतीय स्थान पर कांस्य पदक और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर डॉ. हर्ष डोभाल, प्रोफेसर डॉ. इंदु पांडे खंडूड़ी और अनूप नौटियाल शामिल थे। उन्होंने प्रतिभागियों के तर्कों, विषय की समझ, अभिव्यक्ति और प्रस्तुतीकरण के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, देहरादून के प्रबुद्ध नागरिकों और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता ने विधि के विद्यार्थियों को समकालीन सामाजिक एवं राष्ट्रीय प्रश्नों पर अपने विचार व्यक्त करने और तार्किक संवाद के माध्यम से नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!