क्षेत्रीय समाचार

गौचर में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त, भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही पर उठे सवाल

गौचर, 17 नवंबर (गुसाईं)। गौचर पुलिस चौकी के सामने खड़ी एक कार को सोमवार रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में रात के समय भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात एक व्यक्ति अपनी कार गौचर पुलिस चौकी के सामने खड़ी कर गौचर मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया था। कार्यक्रम से लौटने पर उसने देखा कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी कार को टक्कर मार दी थी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इस घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रेलवे और सड़क निर्माण कार्यों में लगे भारी वाहनों के कुछ चालक रात के समय नशे की हालत में वाहन चलाते हैं। इससे स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है।
लिंगवाल ने कहा कि भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और लापरवाह वाहन संचालन की समस्या से शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि अनियंत्रित गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना का संज्ञान लेकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने तथा दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रात के समय भारी वाहनों की नियमित जांच, चालकों की नशे की हालत में वाहन चलाने की आशंका की जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!