क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

मशरूम की खेती से बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर, पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा आधार

 

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, 35 प्रतिभागी ले रहे प्रशिक्षण

श्रीनगर, 17 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसका उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों के साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों तथा मशरूम उत्पादकों सहित कुल 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मशरूम की खेती में पर्वतीय क्षेत्रों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की काफी संभावनाएं हैं। वैज्ञानिक तकनीकों और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण युवा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र की जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल गुच्छी (मोरेल) मशरूम की खेती की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि नवीन पटवाल ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2007 में रुड़की से मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया था। वर्ष 2012 में प्रशिक्षण लेने के बाद वर्ष 2016 तक उन्होंने लगभग चार एकड़ भूमि में इसका विस्तार किया। उन्होंने कहा कि मशरूम व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण स्पॉन (बीज), वैज्ञानिक उत्पादन पद्धति, उचित पैकेजिंग, वितरण और प्रभावी विपणन जरूरी हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ प्रोफेसर नारायण सिंह पंवार ने कहा कि मशरूम के संरक्षण, भंडारण और परिवहन में प्रसंस्करण तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उत्पादों का मूल्य बढ़ाने और बाजार में बेहतर संभावनाएं विकसित करने के लिए सुखाने तथा निर्वात सुखाने (वैक्यूम ड्राइंग) जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ऑयस्टर, मिल्की, पिंक ऑयस्टर, शिटाके, किंग ऑयस्टर, स्ट्रॉ और गुच्छी मशरूम के उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मशरूम के प्रसंस्करण, सुखाने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मशरूम से विभिन्न उत्पाद तैयार कर उद्यमिता और स्वरोजगार विकसित करने पर भी जोर रहेगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. यादव प्रसाद रैवनी, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. एच.बी.एस. चौहान, प्रो. अजित नेगी, प्रो. डी.एस. चौहान, प्रो. वी.पी. चमोला, प्रो. वी.के. पुरोहित, डॉ. डी.के. राणा, डॉ. नाशिर शाह, डॉ. टी.एस. बिष्ट और डॉ. विवेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-संयोजक डॉ. संतोष सिंह रावत, कार्यक्रम सचिव डॉ. अंकित सती, मॉडरेटर डॉ. रमेश चंद्र नौटियाल और डॉ. ऋषिका नेगी का सहयोग रहा। शोधार्थियों प्रणव सिंह, मयंक रावत, मुकेश कुमार, अभय सिंह और शैलेन्द्र तिवारी सहित प्रशिक्षणार्थियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!