हंस जयंती पर चिकित्सा शिविर में 4015 लोगों की स्वास्थ्य जांच

हरिद्वार, 25 नवंबर । कनखल के बैरागी कैंप में हंस जयंती के अवसर पर आयोजित जनकल्याण समारोह का समापन हो गया। हंस कल्चरल सेंटर की इकाई हंस ज्योति की ओर से आयोजित समारोह के दौरान तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 4015 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
समारोह में भोले महाराज और मंगला जी ने आध्यात्मिक प्रवचन दिए। भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने भजन संध्या में प्रस्तुति दी। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंडाल में जगह कम पड़ने के कारण कई लोगों ने बाहर बैठकर प्रवचन सुने।
संस्था के मीडिया प्रभारी बीके त्यागी ने बताया कि बाहर से आए श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था हरिद्वार के विभिन्न होटलों, आश्रमों और धर्मशालाओं में की गई थी। समारोह के दौरान चार दिनों तक निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने भोजन किया।
त्यागी के अनुसार तीन दिवसीय चिकित्सा शिविर में एलोपैथी के माध्यम से 3411 और होम्योपैथी के माध्यम से 604 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के संचालन में डॉ. आदित्य सिंह, डॉ. नेहा शर्मा, सोनिया, प्रेमलता सूठा, हंसिका, मनीष, राजीव दास, विकास और मधुर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया।

