Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में झनकईया गंगा स्नान मेले का किया उद्घाटन

 

झनकईया और काला पुल के समीप बनेंगे स्नान घाट : शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का होगा विकास

खटीमा, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा पर खटीमा में आयोजित झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया।  मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप स्नान घाट बनाने की घोषणा की।

कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का संगम है। यह मेला सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के पास आयोजित यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी और पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य तथा रीति-रिवाज मेले को विशिष्ट पहचान देते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर भी देते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित कर रही है। खटीमा में आयोजित आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस इसी दिशा में किए गए प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!