Front Page

किशोरियों और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरिद्वार से आज शुरू होगा ‘नव्या 2.0’ अभियान

NAVYA is a collaborative initiative of MWCD and MSDE that brings together the strengths of the women and child development and skill development ecosystems to empower adolescent girls and young women. The initiative recognises that empowerment goes beyond training and entails nurturing aspirations, building confidence, developing capabilities and enabling informed choices about the future. The pilot phase was launched on 24 June 2025 in Sonbhadra, Uttar Pradesh, with an envisaged coverage of 27 Aspirational Districts across 19 States.

हरिद्वार, 28 नवंबर। देश की किशोरियों और युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय संयुक्त रूप से शनिवार, 28 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार में ‘नव्या 2.0′ (युवतियों और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को प्रोत्साहन) का भव्य शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस महत्वाकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य देश के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों की युवतियों में आत्मविश्वास जगाना, उनकी क्षमताओं को निखारना और उन्हें आजीविका के आधुनिक अवसरों से जोड़कर महिला नेतृत्व वाले विकास को गति देना है।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और नए केंद्रों का उद्घाटन : इस राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी मुख्य रूप से शामिल होकर योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। समारोह में उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, पंचायती राज एवं आयुष मंत्री श्री मदन कौशिक और हरिद्वार के लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मंत्रीगण उत्तराखंड में निर्मित नए सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत बने आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

सोनभद्र के सफल प्रयोग के बाद अब देशभर में विस्तार :’नव्या’ योजना महिला एवं बाल विकास और कौशल विकास से जुड़े सरकारी तंत्रों के समन्वय का एक अनूठा उदाहरण है, जो मानती है कि सच्चा सशक्तीकरण केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवतियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक निर्णय लेने में सक्षम बनाना भी है। इस पहल के पहले प्रायोगिक चरण की शुरुआत 24 जून, 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से हुई थी। उस चरण में 19 राज्यों के 27 आकांक्षी जिलों की लगभग 1,200 किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन, सोलर पीवी इंस्टॉलेशन सहायक और फैशन डिजाइनर जैसे आधुनिक व रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया गया था। साथ ही उन्हें डिजिटल व वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता के गुर भी सिखाए गए थे। पहले चरण की शानदार सफलता और अनुभवों को देखते हुए अब ‘नव्या 2.0’ का दायरा बढ़ाकर 100 आकांक्षी और दुर्गम जिलों तक कर दिया गया है।

आयु सीमा में बढ़ोतरी और आधुनिक रोजगार पर जोर :नए चरण में अधिक से अधिक युवतियों को लाभान्वित करने के लिए पात्र आयु वर्ग को 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दिया गया है। ‘नव्या 2.0′ के अंतर्गत उद्योग जगत की मौजूदा मांग के अनुरूप गैर-पारंपरिक और आधुनिक क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रशिक्षण के बाद युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार शुरू करने के लिए मजबूत संस्थागत सहायता भी दी जाएगी। जिला स्तर पर योजना के सुचारू और परिणामोन्मुखी कार्यान्वयन के लिए एक स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी लागू की गई है।

डिजिटल निगरानी से सुनिश्चित होगी पारदर्शिता : इस पूरी योजना के क्रियान्वयन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का भरपूर उपयोग किया जा रहा है। ‘कौशल भारत डिजिटल हब’ (एसआईडीएच) इस पहल के लिए एक केंद्रीय डिजिटल मंच के रूप में काम करेगा। इसके माध्यम से लाभार्थियों के नामांकन से लेकर उनकी दैनिक उपस्थिति, प्रशिक्षण की प्रगति और अंतिम प्रमाणन तक की वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी। प्रशिक्षण पूरा होने पर अभ्यर्थियों को डिजिटल रूप से सत्यापन योग्य प्रमाणपत्र मिलेंगे, जो उन्हें देशभर में रोजगार प्राप्त करने में मदद करेंगे। कुल मिलाकर, ‘नव्या 2.0’ वंचित और आकांक्षी क्षेत्रों की युवतियों की आकांक्षाओं को नए पंख देकर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में उनकी सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!