हॉलीवुड क्रिटिक्स असोसिएशन अवॉर्ड्स में छाई आरआरआर
एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर दुनियाभर में कमाई, सम्मान और पुरस्कार पा रही है। यह सिलसिला रुकता हुआ नजर नहीं आ रहा है। फिल्म ने बीते दिनों कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों की सूची में अपनी जगह बनाई। इन पुरस्कार कार्यक्रमों में राजामौली दुनियाभर के दिग्गज फिल्ममेकर्स से मिले। अब फिल्म ने हॉलीवुड क्रिटिक्स असोसिएशन अवॉर्ड में कई श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए। इस समारोह में राजामौली, रामचरण और एमएम कीरवानी मौजूद रहे।
ऑस्कर से पहले हॉलीवुड क्रिटिक्स असोसिएशन अवॉर्ड्स में आरआरआर की धूम देखने को मिली। यहां आरआरआर को कई श्रेणियों में पुरस्कार मिले। फिल्म को बेस्ट इंटरनैशनल फिल्म चुना गया। राजामौली और रामचरण ने यह पुरस्कार लिया। बेस्ट सॉन्ग के लिए नाटू-नाटू को चुना गया और एक बार फिर से एमएम कीरवानी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नजर आए। इनके अलावा फिल्म को बेस्ट स्टंट और बेस्ट एक्शन की श्रेणी में भी सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों से राजामौली गदगद नजर आए।
आरआरआर कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है। फिल्म के गाने नाटू-नाटू को बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग के लिए गोल्डन ग्लोब पुरस्कार मिला था। इसके अलावा यह गाना इसी श्रेणी में ऑस्कर के लिए भी नामांकित है। हाल ही में फिल्म को क्रिटिक्स चॉइस सुपर अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्शन फिल्म और बेस्ट एक्टर इन एक्शन मूवी के लिए नामांकित किया गया है। इस श्रेणी में जूनियर एनटीआर और रामचरण का मुकाबला निकोलस केज, टॉम क्रूज और ब्रैड पिट से होगा।
आरआरआर पिछले साल मार्च में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी दो स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित है। फिल्म में रामचरण और जूनियर एनटीआर के अलावा आलिया भट्ट और अजय देवगन भी नजर आए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।