कांग्रेस नेत्रियों ने काँजी हाउस को लेकर भाजपा को लपेटा ; कांजी हाउस बना स्लॉटर हाउस
देहरादून, 3 अगस्त । कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी माहरा के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम द्वारा संचालित कांजी हाउस में गायों की स्थिति अत्यंन्त वीभत्स है। वहां गायें भूख प्यास से तड़प रही हैं और मरी गायों के अम्बार लगे हैं।
आज यहाँ जारी एक बयां में गरिमा महरा ने कहा कि आज जब अचानक एक गरीब महिला कांग्रेस मुख्यालय गुहार लगाने आई कि नगर निगम प्रशासन ने उसकी गाय पकड़कर कांजी हाउस में डाल दी है और छोड़ने के बदले 9000 रुपए मांगे जा रहे हैं और उसने 9000 रुपए देने मैं असमर्थता जाहिर की तो राजपुर से कांग्रेस की पार्षद और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने नगर निगम द्वारा नियुक्त डॉक्टर तिवारी से दूरभाष पर बात की और बताया कि महिला के पास 9000 रुपए देने के लिए नहीं है तो डॉक्टर तिवारी ने कहा कि हमने कांजी हाउस में तीन-चार दिन तक उस गाय की सेवा की है उसको भोजन कराया है उसके एवज में 9000 देने ही पड़ेगे ।
ऐसे में कांग्रेस नेत्रियों ने फैसला लिया कि वह स्वयं कांजी हाउस जाकर देखेंगे कि आखिर गौ माताओं की कितनी सेवा हो रही है ?
दसौनी ने बताया की वहां पहुंचकर जो नजारा था वह बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण था। गायों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, आधा दर्जन से अधिक गायें मरी पड़ी हुई थी और उनके ऊपर हजारों मक्खियां भिन्न-भिना रही थी। उसके अलावा चार से पांच गाय गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली जिन्हें बहुत खून बह रहा था और जख्म बहुत गहरे थे। जख्मों को देखकर यह साफ पता लगाया जा सकता था कि उनका कोई तीमारदारी या इलाज नहीं किया गया है।
गायें कांजी हाउस में भूख से भी तड़पती भी देखी गई। पानी और भूसे के लिए बनाए हुए कुंड एकदम खाली थे, केयरटेकर से पूछने पर उसने भूसे का आर्डर दिए जाने की बात कही। कांजी हाउस के लिए नियुक्त वेटरनरी डॉक्टर से जख्मी गायों का पूछा तो उन्होंने अपने पास एडवांस दवाई इंजेक्शन ना होने की बात कही। और तो और कांग्रेस की नेत्रियों के फेसबुक लाइव करने के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ दिखाई दिया। महापौर ने तुरंत डॉक्टर तिवारी कांजी हाउस भेजे जोकि सुरते हाल पर लीपापोती करने का पूरा प्रयास करते हुए दिखे।
उर्मिला ने कहा कि गौ माताओं को भी अब नगर निगम ने उगाही का केंद्र बना दिया है, गरीब लोगों की गायों को उठाकर कांजी हाउस में पटक दिया जाता है और जहां उनकी कोई देखरेख नहीं की जाती। ना उनके जख्मों का नाही उनकी भूख का इंतजाम किया जाता है, मरी हुई गायों को दफनाने तक की जहमत नगर निगम नहीं उठा रहा है। गौ माताओं को सड़ने के लिए छोड़ दिया गया है। ऐसे में दसोनी ने भाजपा की सरकारों को धिक्कारते हुए कहा कि जनता को हर बार चुनाव के दौरान गौ माता की रक्षा के दावे और वादे करने वाली भाजपा अंदर से एकदम खोखली है और जो महापाप गौ माताओं की दुर्दशा करने का भाजपा ने किया है उसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।
गरिमा माहरा दसौनी ने शासन एवं प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अन्दर काजी हाऊस के हालात नही सुधरे तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जोरदार तरिकेे से उठाकर गौ माता की दुहाई देने वाले लोगों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संधर्ष करने का काम करेगी।