आपदा/दुर्घटना

जोशीमठ के27 परिवारों के विस्थापन प्रस्ताव को शासन भेजने पर बनी सहमति

 

ज्योतिर्मठ/चमोली, 13 अगस्त (कपरुवाण)। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक हुई। बैठक में तहसील ज्योतिर्मठ के देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन से संबंधित प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति जताई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने समिति को बताया कि देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन के लिए कुल 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें प्रभावित परिवारों के भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला निर्माण, विस्थापन भत्ता तथा पुनर्वासित होने वाले ग्रामीण काश्तकारों को पुनर्वास स्थल पर स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता समेत अन्य आवश्यक मदों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि देवग्राम में इससे पहले दो बार भू-वैज्ञानिक जांच कराई जा चुकी है। इसके अलावा तहसील स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने समेत विस्थापन से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापन प्रस्ताव से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख और औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित और व्यवस्थित पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!