खेल/मनोरंजन

विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष बने अजय भट्ट

देहरादून/ज्योतिर्मठ, 2 अक्टूबर (कपरुवाण)। विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की नई कार्यकारिणी के चुनाव शुक्रवार को देहरादून में निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती, आईएएस की देखरेख में सर्वसम्मति से संपन्न हुए। अजय भट्ट को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि अभिमन्यु पटवाल सचिव और सुशील पंवार कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। एस.पी.एस. रावत और विजेंद्र को उपाध्यक्ष चुना गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय भट्ट ने सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि एसोसिएशन का प्रयास उत्तराखंड में शीतकालीन खेलों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अवसर विकसित करना होगा। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ राज्य में शीतकालीन खेलों की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां शीतकालीन खेलों के लिए अनुकूल हैं। इन संभावनाओं का योजनाबद्ध ढंग से उपयोग कर राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर एसोसिएशन का विशेष ध्यान रहेगा।
चुनाव के अवसर पर लक्ष्मण मेहता, जे.पी. जोशी, अरविंद ज्याला और सतीश बहुखंडी सहित एसोसिएशन के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए राज्य में शीतकालीन खेलों के विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान टेनजिंग नॉर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित एस.पी. चमोली का एसोसिएशन की ओर से विशेष अभिनंदन किया गया। उनके साहसिक एवं शीतकालीन खेलों के क्षेत्र में योगदान और उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में अजय भट्ट ने निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती सहित चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी राज्य में शीतकालीन खेलों को आगे बढ़ाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!