रेड अलर्ट के चलते टिहरी में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
नई टिहरी, 19 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 20 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर टिहरी गढ़वाल जिले में सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की ओर से अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी ने रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई को जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 20 जुलाई (सोमवार) को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षण गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। यदि कोई विद्यालय प्रबंधन या प्रधानाचार्य आदेश का पालन नहीं करता है और लापरवाही के कारण कोई अप्रिय घटना होती है, तो संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
आदेश के अनुपालन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं जिला सूचना अधिकारी को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से यात्रा करने से बचने की अपील की है।
