क्षेत्रीय समाचारपर्यावरण

सुनला हॉटमिक्स प्लांट के संचालक ने प्रदूषण संबंधी आरोपों का किया खंडन

नियमानुसार संचालन का दावा, चिमनी की ऊंचाई बढ़ाकर 25 फीट की

 

थराली, 24 अक्टूबर (हरेंद्र बिष्ट)। सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुनला गांव के पास संचालित हॉटमिक्स प्लांट को लेकर उठ रहे सवालों और प्रदूषण संबंधी आरोपों के बीच प्लांट संचालक ने अपना पक्ष रखते हुए सभी आवश्यक विभागीय अनुमतियों और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन किए जाने का दावा किया है। संचालक का कहना है कि स्थानीय स्तर पर उठाई गई आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए प्लांट की चिमनी की ऊंचाई भी बढ़ा दी गई है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से सुनला में संचालित हॉटमिक्स प्लांट को लेकर विवाद चल रहा है। थराली के ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित सहित कई पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने प्लांट के संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्लांट की चिमनी की ऊंचाई कम होने के कारण आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, जिसका ग्रामीणों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रतिनिधियों ने प्लांट के संचालन के लिए आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां होने पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से जांच कराने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इन आरोपों के जवाब में प्लांट संचालक शैलेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सुनला में हॉटमिक्स प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि सड़क की ओर प्लांट परिसर को लगभग 14 फीट ऊंची चादरों से घेरा गया है। इसके अलावा चिमनी की ऊंचाई को लेकर उठाई गई आपत्तियों के बाद उसमें बदलाव करते हुए इसकी ऊंचाई बढ़ाकर लगभग 25 फीट कर दी गई है।

अग्रवाल का दावा है कि चिमनी की ऊंचाई बढ़ाए जाने से प्रदूषण संबंधी समस्या का निराकरण हो गया है। उन्होंने कहा कि प्लांट के संचालन के लिए शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक विभागीय अनुमतियां उनके पास उपलब्ध हैं और संचालन में नियमों का पालन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की देखरेख में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य चल रहा है। इसके अलावा श्री नंदादेवी राजजात यात्रा के महत्वपूर्ण थराली-देवाल-वांण राज्य मार्ग पर भी हॉटमिक्स बिछाने का काम किया जा रहा है। इन दोनों सड़क परियोजनाओं के लिए सुनला स्थित प्लांट से ही हॉटमिक्स सामग्री की आपूर्ति की जा रही है।

फिलहाल प्लांट संचालक ने आरोपों का खंडन करते हुए नियमानुसार संचालन का दावा किया है, जबकि पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों के संबंध में संबंधित विभागों की जांच और आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!