Front Pageसुरक्षा

पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी का पोत ‘अशंक’ (यार्ड 3036) नौसेना को सौंपा गया

नयी दिल्ली, 25 नवंबर ( PIB) ।    कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी के पोत (एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी) ‘अशंक’ को 23 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। ‘अशंक’ पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी के पोतों की श्रेणी का एक जहाज है।

पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले पानी के पोत (एक्स-जीआरएसई) का डिजाइन और निर्माण ‘इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग’ (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के अनुसार किया गया है।

अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चर और उन्नत सोनार प्रणाली से लैस यार्ड 3036 ‘अशंक’ एक शक्तिशाली नौसैनिक पोत है। इसे विशेष रूप से तटीय क्षेत्रों में नौसेना की पानी के भीतर निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्धक क्षमताओं को विस्तार देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। ये जहाज भारतीय नौसेना के उन सबसे बड़े युद्धपोतों में शामिल हैं, जो वॉटरजेट प्रणोदन प्रणाली से संचालित होते हैं। ‘अशंक’ के शामिल होने से नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध, तटीय निगरानी तथा समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने की क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी।

‘अशंक’ का सौंपा जाना सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप भारतीय नौसेना के स्वदेशी जहाज निर्माण अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री से निर्मित यह पोत देश के घरेलू रक्षा विनिर्माण तंत्र की बढ़ती क्षमता और रक्षा उपकरणों के लिए आयात पर निर्भरता में आ रही कमी का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!