सेना के जवान की कार दुर्घटना में मौत, जवान 14 गढ़वाल राइफल्स में सेवारत था
-रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट-
थराली/देवाल, 10 मई। एक वाहन दुर्घटना में 32 वर्षीय भारतीय सेना के जवान की दर्दनाक मौत हो गई हैं। जिससे जवान के घर में कोहराम मच गया हैं। जबकि क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर दौड़ पड़ी है। सेना का जवान इन दिनो छुट्टी पर था।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात करीब 9.30 बजे देवाल-सुयालकोट-मानमती मोटर सड़क पर रैन एवं गरसू गांव के बीच समरापाखा नामक स्थान पर एक कार यूके 07 एफएफ 0499 सड़क से करीब 200 मीटर नीचे पिंडर नदी में जा समायी जिसमें सवार रैन गांव के फैटी निवासी एवं 14 गढ़वाल राइफल में तैनात 32 वर्षीय जवान प्रमोद सिंह बिष्ट पुत्र महिपाल सिंह बिष्ट की मौत हो गई ।
घटना की जानकारी देते हुए रैन गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रविन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ग्रामीणों को रात में ही गांव से आगे कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी तो ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े तो देखा कि एक कार सड़क से नदी में जा गिरी है। रात में ही ग्रामीण नीचे नदी में उतरे और कार की पहचान कर उसमें व्यक्ति की खोज की तो मृतक जवान कार में नही मिला, नदी में पानी अधिक होने के कारण ग्रामीण नदी में नही जा पाएं घटना की सूचना पुलिस, प्रशासन को दी गई तो देवाल पुलिस चौकी प्रभारी विनोद रावत एवं राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस दल एवं राजस्व पुलिस का दल घटना स्थल पर पहुंचा किंतु उन्हें भी शव नही मिला।
सूचना पर एनडीआरएफ के इंचार्ज एसआई हरेंद्र सिंह रावत एवं एसडीआरएफ के इंचार्ज एसआई पुष्कर सिंह जीना के नेतृत्व में दोनों टीमें घटनास्थल पर पहुंची उनके जवानों ने कड़ी मेहनत के साथ जब कार को धकेला तो जवान का शव कार के नीचे दबा मिला। शव को नदी से निकाल कर पुलिस ने पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही देवाल के कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कलम सिंह गड़िया, भाजपा नेता जितेंद्र बिष्ट, तेजपाल रावत, किशन गड़िया सहित तमाम ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच कर राहत कार्य में जुटे रहे। दुर्घटना में जवान की दर्दनाक मौत से जहां उसके परिवार में कौहराम मचा हुआ हैं। वही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई हैं। जवान के घर पर उसकी पत्नी एक डेढ़ साल का लड़का, उसके माता-पिता एवं एक अन्य भाई हैं।