खेल/मनोरंजन

अविरल नंदा रन मैराथन का सफल आयोजन, क्लब ने फाउंडेशन बनाने की घोषणा

थराली, 1 मई (हरेंद्र बिष्ट)। मुन्दोली राइडर्स क्लब द्वारा आयोजित भव्य मैराथन “अविरल नंदा रन” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब ने अपने नए नाम “अनंत नंदा फाउंडेशन” रखने की भी घोषणा की। यह आयोजन क्लब के संस्थापक, अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर कलाम सिंह बिष्ट द्वारा स्थापना के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया।

लोहाजंग में आयोजित हाफ मैराथन में स्थानीय सहित देशभर के कुल 230 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक भूपाल राम टम्टा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, पूर्व विधायक जीत राम, इंद्र सिंह राणा, भाजपा नेता सुरेंद्र बिष्ट और गणेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता में 21 किमी महिला वर्ग में भागीरथी ने प्रथम तथा अंजलि चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 10 किमी दौड़ में 51 से 75 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र के गरीब एवं वंचित बच्चों की सहायता के लिए जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन में अनंत नंदा फाउंडेशन के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस मौके पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे पिंडर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!