Front Page

डॉक्टर्स डे पर उत्कृष्ट चिकित्सक सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सरकार का जोर: मुख्यमंत्री धामी

 


देहरादून, 1 जुलाई। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है तथा किसी भी डॉक्टर के साथ हिंसा या अभद्र व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चकराता रोड स्थित एक होटल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), देहरादून शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया और प्रदेश के सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन चिकित्सा सेवा, मानव कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज में विश्वास, उम्मीद और नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में चिकित्सकों को विशेष सम्मान प्राप्त है। देवभूमि उत्तराखंड के डॉक्टर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी जनसेवा कर रहे हैं और पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य स्वास्थ्य योद्धाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि अनेक चिकित्सकों ने मानव जीवन बचाने के लिए अपने प्राणों का भी बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों को 2,300 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है, जबकि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार किया गया है और आपात स्थितियों में हेली एंबुलेंस सेवा भी प्रभावी साबित हो रही है। उन्होंने डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक शक्ति समर्पित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ही हैं।
उन्होंने चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वस्थ चिकित्सक ही स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, आईएमए के पदाधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!