क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

कासार फेस्टिवल में अनंत नंदा फाउंडेशन के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट

थराली, 28 जून। अल्मोड़ा जिले के कासार देवी और दीनापानी क्षेत्र में 24 से 28 जून तक आयोजित पांच दिवसीय कासार फेस्टिवल में देवाल विकासखंड के अनंत नंदा फाउंडेशन के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
फाउंडेशन के निदेशक, अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा रनर तथा सीओएएस, जीओसी और गवर्नर अवार्ड से सम्मानित कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि फाउंडेशन के 14 छात्र-छात्राओं ने दौड़, साइकिलिंग, पेंटिंग, फैशन शो और डांस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कई पुरस्कार अपने नाम किए।
उन्होंने बताया कि देवाल के पदमल्ला गांव के सौरभ कठैत ने दौड़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, कैल गांव के कार्तिक मिश्रा और विवेक जोशी ने उबड़-खाबड़ पहाड़ी मार्गों पर आयोजित ट्रेल रन में जीत दर्ज की। मुंदोली की अंजू ने साइकिलिंग और दौड़ दोनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि कलावती बिष्ट ने दौड़ के साथ-साथ कैनवास पर अपनी चित्रकला का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
उलंग्रा की प्रिया ने दौड़ प्रतियोगिता में बाजी मारी। शाम को आयोजित ओपन स्टेज प्रतियोगिताओं में मीनाक्षी आर्य और जानवी बिष्ट ने फैशन शो एवं डांस प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल किए।
इसके अलावा मुंदोली के साहिल सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह और देवेंद्र सिंह बिष्ट ने साइकिलिंग, दौड़ तथा पेंटिंग जैसी विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए।
कलम सिंह बिष्ट ने कहा कि फाउंडेशन के युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की दर्शकों और आयोजकों ने भी भरपूर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!