क्षेत्रीय समाचार

12 वर्षों की सेवा के बाद भरत सिंह नेगी बने चीफ फार्मेसिस्ट

 

गौचर, 3 जुलाई। जनपद चमोली के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गौचर में पिछले 12 वर्षों से फार्मेसिस्ट के पद पर कार्यरत  भरत सिंह नेगी को चीफ फार्मेसिस्ट के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी पदोन्नति पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गौचर निवासी भरत सिंह नेगी बचपन से ही दिव्यांग हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा दीप चिल्ड्रन एकेडमी, गौचर से तथा कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज, गौचर से पूरी की। इसके बाद राजकीय पॉलिटेक्निक, गौचर से फार्मेसी ट्रेड में दो वर्षीय डिप्लोमा प्राप्त किया।
जनवरी 2006 में उनकी पहली नियुक्ति देवाल स्थित जैनबिष्ट चिकित्सालय में हुई। वर्ष 2014 में उनका तबादला अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गौचर में हुआ, जहां उन्होंने पिछले 12 वर्षों से सेवाएं दीं। अपने मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण वे मरीजों और सहकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 3 दिसंबर 2024 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर उन्हें राज्य स्तरीय दक्ष दिव्यांग कर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
सरकार द्वारा जारी पदोन्नति आदेश में अन्य फार्मेसिस्टों के साथ भरत सिंह नेगी को भी चीफ फार्मेसिस्ट बनाया गया है। इस उपलब्धि पर डॉ. चेतन स्वामी, डॉ. बी.पी. पुरोहित, फार्मेसिस्ट प्रदीप रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जयकृत बिष्ट तथा गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी।
भरत सिंह नेगी ने बताया कि पदोन्नति के बाद सितंबर तक उनका गौचर से अन्य स्थान पर स्थानांतरण होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!