राजजात मार्ग पर हॉट मिक्स कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

थराली, 14 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। देवाल के क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत ने लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मां नंदादेवी राजजात यात्रा के तहत थराली–देवाल–मंदोली–वांण राज्य मार्ग पर किए जा रहे हॉट मिक्स एवं सुधारीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख ने कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को प्रमुख के साथ लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता के अलावा देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, हरमल व चोटिंग के क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, गंगा सुयाल, प्रकाश मिश्रा और धर्मेंद्र बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने थराली–देवाल–मंदोली–वांण राज्य मार्ग पर राजजात यात्रा के तहत 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए जा रहे हॉट मिक्स तथा अन्य सुधारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत ने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों के संपादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी अभियंताओं द्वारा की जानी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने पंचायत प्रतिनिधियों को कार्यों की प्रगति के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और ठेकेदार को तय मानकों के अनुसार ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
