आपदा/दुर्घटना

थराली के लौसरी के पास बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत; चार घायल

 

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 11 जून। हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर से पूरे देवाल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे एक बोलेरो वाहन (संख्या यूके-11 टीए-4395) देवाल से घेस गांव की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर लौसरी गांव के समीप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए कैल नदी में जा समाया।
दुर्घटना में 28 वर्षीय जनकी देवी पत्नी दान सिंह निवासी खेता, 7 वर्षीय दीपू पुत्र चंदन सिंह निवासी खेता, 60 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र मान सिंह निवासी घेस तथा 54 वर्षीय आलम सिंह पुत्र दीवान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में चालक 38 वर्षीय हरेंद्र सिंह पुत्र पुष्कर सिंह निवासी घेस, 38 वर्षीय खड़क सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी घेस, 28 वर्षीय उमा देवी पत्नी चंदन सिंह निवासी खेता तथा उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री हर्षिता घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से खाई से निकालकर उपचार के लिए देवाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
एक ही दुर्घटना में चार लोगों की मौत और चार के घायल होने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, भाजपा किसान मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया, कांग्रेस नेता महावीर बिष्ट तथा जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!