प्रधानमंत्री के दौरे पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, ज्वलंत मुद्दों की अनदेखी का लगाया आरो
देहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को देहरादून दौरे पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और जनता से जुड़े सवालों को पूरी तरह नजरअंदाज किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि बीते दिन कांग्रेस की ओर से 10 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा गया था, जो सीधे तौर पर उत्तराखंड की जनता और राज्य की व्यवस्थाओं से जुड़े प्रश्न थे। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री ने इन सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और जनता की अपेक्षाओं को नजरअंदाज किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा का उल्लेख तो किया, लेकिन केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना ने सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाले युवाओं की आकांक्षाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। उनका कहना था कि इस योजना के कारण प्रदेश के युवाओं में असंतोष बढ़ा है और भविष्य को लेकर अनिश्चितता की भावना पैदा हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में बढ़ते महिला अपराधों पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महिला अपराध के मामलों में शीर्ष राज्यों में शामिल होता जा रहा है और कई मामलों में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आए हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
उन्होंने राज्य में सामने आए भर्ती घोटालों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह विषय सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस पर भी कोई टिप्पणी नहीं की।
दिल्ली–देहरादून राजमार्ग के लोकार्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि इस परियोजना को प्रदेश की “भाग्य रेखा” बताया जा रहा है, तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इससे राज्य को वास्तविक लाभ क्या मिलेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इससे उत्तराखंड को स्थायी राजधानी मिलेगी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए लोकायुक्त की नियुक्ति होगी और क्या राज्य को सख्त भू-कानून मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से देहरादून की यात्रा लगभग ढाई घंटे में पूरी होने की सुविधा को लेकर स्थानीय निवासियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बढ़ते यातायात और संभावित दबाव को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभागों से निवासियों और पर्यटकों के लिए स्पष्ट यातायात परामर्श और ठोस आवागमन योजना जारी करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान हजारों छात्र-छात्राओं को तेज धूप में घंटों मानव श्रृंखला बनाने के लिए खड़ा किया गया। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न महाविद्यालयों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला मंगल दलों और कारखानों में कार्यरत श्रमिकों तक को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया था।
उन्होंने कहा कि लगभग 12 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में शामिल अधिकांश लोग स्वेच्छा से नहीं आए थे, बल्कि दबाव बनाकर लाए गए थे। अंत में गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार मुख्य विपक्षी दल के रूप में लगातार जनता के मुद्दों को उठा रही है और प्रधानमंत्री का नैतिक दायित्व था कि वे इन मुद्दों पर अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया देते।
