क्षेत्रीय समाचारराजनीति

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, गौचर नगर कार्यकारिणी का विस्तार

गौचर, 7 जुलाई (गुसाईं)। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को आयोजित बैठक में गौचर नगर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए जगदीश कनवासी को पुनः नगर अध्यक्ष तथा पूरण सिंह नेगी और भरत सिंह नेगी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कर्णप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस के प्रबल दावेदार माने जा रहे मुकेश नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी, उसे विजयी बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।
इस अवसर पर मुकेश नेगी ने कहा कि किसी भी चुनाव में सफलता के लिए मजबूत और सक्रिय कार्यकर्ता सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी हैं और उनके बिना कोई भी चुनाव प्रभावी ढंग से नहीं लड़ा जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव कभी भी घोषित हो सकते हैं, इसलिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं।
बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अनीता चौहान को पुनः महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नरेंद्र बिष्ट, मनोज नेगी, पूनम रावत और ममता देवी को महामंत्री बनाया गया। महेश चंद्र, हिमांशु चौधरी, राजकुमार तथा कांता देवी को सचिव नियुक्त किया गया। राकेश शैली को कोषाध्यक्ष, सभासद गौरव कपूर और ताजबर कनवासी को प्रवक्ता तथा जीत सिंह बिष्ट को संरक्षक बनाया गया।
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!