मतदान केंद्र में मंत्री के आचरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
देहरादून, 9 जून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने नरेंद्रनगर नगरपालिका चुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायकबके कथित आचरण पर सवाल उठाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से मामले की जांच की मांग की है।
सोमवार को जारी बयान में गरिमा मेहरा दसौनी ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने निर्वाचन नियमों और प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए मतदान केंद्र में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि इस पर स्थानीय लोगों और मतदाताओं द्वारा आपत्ति जताए जाने पर मंत्री का व्यवहार मर्यादित नहीं रहा।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और मंत्री ही चुनावी नियमों का पालन नहीं करेंगे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
गरिमा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
कांग्रेस ने राज्य निर्वाचन आयोग से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच कराने तथा यदि चुनावी नियमों या आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने कहा कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
