अग्निवीर योजना के विरोध में तीन अगस्त के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

गौचर, 1 अगस्त (गुसाईं)। कांग्रेस की बैठक में तीन अगस्त को गौचर में आयोजित होने वाले अग्निवीर योजना के विरोध कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी मुख्य रूप से शामिल होंगे।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश कनवासी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि रथयात्रा के साथ गौचर पहुंचने पर कर्नल रामरतन नेगी का भव्य स्वागत किया जाएगा। साथ ही गौचर मैदान में होने वाले कार्यक्रम में अधिकाधिक पूर्व सैनिकों, सैनिक वीरांगनाओं और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक समन्वय टीम गठित की गई है, जो क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और युवाओं से संपर्क करेगी। उन्होंने कहा कि रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के पदाधिकारियों से भी कार्यक्रम के संबंध में विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी, जिला महामंत्री हरीश नयाल, उमराव सिंह नेगी, जीत सिंह बिष्ट, रघुनाथ सिंह बिष्ट, मंजू खत्री, मनोज नेगी, भरत नेगी, रणबीर सिंह रावत, विनोद कनवासी, हरीश कुमार, अनिल बिष्ट, महाबीर नेगी, भूपेंद्र नेगी, राजकुमार, हिमांशु चौधरी, संतोष कुमार, पुष्कर लाल, एम.एल. राज, नरेंद्र बिष्ट और पंकज नेगी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक जयबीर बिष्ट ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। साथ ही जिला कार्यकारिणी में शामिल किए गए कार्यकर्ताओं को भी फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
