कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा के दूसरे दिन कई विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव का आह्वान
देहरादून, 23 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से संचालित उत्तराखंड न्याय यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्राएं निकालीं। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 27 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
गढ़वाल मंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला के नेतृत्व में थराली विधानसभा क्षेत्र के नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कर्णप्रयाग और गौचर तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली गई। विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।

कुमाऊं मंडल में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में सहसपुर तथा विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि न्याय यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी और महिला एवं युवा विरोधी नीतियों, बिगड़ती कानून व्यवस्था तथा बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से आम जनता परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सत्ता परिवर्तन चाहती है।
कांग्रेस नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 27 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

