राजनीति

बदरीनाथ से कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू, गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना

 

देहरादून, 22 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला के नेतृत्व में गुरुवार को बदरीनाथ धाम से उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू हुई। इसके तहत बदरीनाथ, ज्योतिर्मठ, पीपलकोटी और चमोली में पदयात्राएं आयोजित की गईं। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसमस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए।

बदरीनाथ धाम में यात्रा का शुभारंभ करते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा स्वयं को सनातन धर्म और धार्मिक आस्थाओं की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, लेकिन उसके शासन में मंदिरों में श्रद्धालुओं का चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने बदरीनाथ धाम और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मंदिरों में अर्पित धन श्रद्धालुओं की आस्था की अमानत है, जिसकी सुरक्षा और पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित करना सरकार तथा मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी है।

गोदियाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार की स्थिति चिंताजनक है। सरकारी विद्यालयों और अस्पतालों की बदहाली के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में है, जबकि सरकार स्थायी समाधान निकालने में विफल रही है।

उन्होंने राज्य की जल, जंगल और जमीन पर बढ़ते दबाव तथा भू-माफिया की गतिविधियों पर भी चिंता जताई। गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और समस्याओं को लेकर जनांदोलन है।

कांग्रेस के अनुसार यात्रा के माध्यम से बेरोजगारी, महंगाई, महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर आयोजित पदयात्राओं में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया तथा सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!