क्षेत्रीय समाचार

भूमि पूजन के साथ घेस–बलाण मोटर सड़क निर्माण कार्य शुरू

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-

थराली/देवाल, 23 अप्रैल। विकास खंड देवाल के अंतर्गत सुदूरवर्ती एवं यातायात से वंचित बलाण गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार की मिसिंग लिंक योजना के तहत स्वीकृत सड़क का समारोहपूर्वक भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर विधायक ने सड़क स्वीकृति पर क्षेत्रीय जनता को बधाई दी।

देवाल के बलाण गांव को यातायात से जोड़ने के लिए घेस–बलाण मोटर सड़क के किलोमीटर 11 से हाईस्कूल बलाण तक 2.20 किलोमीटर मोटर सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 80 लाख 83 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। बलाण हाईस्कूल तक मोटर सड़क निर्माण की मांग क्षेत्रीय जनता लंबे समय से करती आ रही थी। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान सड़क निर्माण की मांग को लेकर बलाण के ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार भी किया था।

सड़क निर्माण कार्य का जिम्मा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के कर्णप्रयाग डिवीजन को सौंपा गया है। एक समारोह में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्रीय जनता को सड़क निर्माण की बधाई देते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। देवाल के प्रमुख तेजपाल रावत ने भी बलाण एवं आसपास के ग्रामीणों को निर्माण कार्य शुरू होने पर बधाई दी तथा सड़क स्वीकृति के लिए विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में देवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गडिया, विधायक प्रतिनिधि सुरेन्द्र बिष्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कुंवर सिंह, धर्मेंद्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरमल, उदयपुर के रमेश गडिया, मंडल महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, गुड्डू दानू, राकेश भारद्वाज, बलाण के प्रधान खिलाप राम, महिला मंगल दल की उषा देवी व गुड्डी दानू, पीएमजीएसवाई डिवीजन कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता डी.एस. भंडारी तथा कनिष्ठ अभियंता प्रदीप पंवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!