भारत दर्शन पर निकले देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी

देहरादून, 14 सितम्बर। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थियों का दल भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत देश के विभिन्न स्थानों और प्रमुख संस्थानों का भ्रमण करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली।
भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण का आयोजन देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल पर पिछले दस वर्षों से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रमुख शैक्षणिक, वैज्ञानिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों से परिचित कराना है। इस बार भ्रमण के लिए 68 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान भ्रमण कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने से विद्यार्थियों को वहां की शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और संस्कृति को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों को अपने सहपाठियों के साथ साझा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की दस वर्ष की यात्रा पूरी होने पर विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक रूप से नई चीजें जानने और समझने का मौका मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की कुछ उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून का भी जिक्र किया।
विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि भारत दर्शन कार्यक्रम शुरू करने के पीछे दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रमुख संस्थानों और स्थानों को देखने का अवसर उपलब्ध कराने की सोच थी। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों में बेहतर अंक हासिल करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में कार्यक्रम के संचालन में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन इसे लगातार जारी रखा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने भ्रमण दल को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
