क्षेत्रीय समाचार

गौचर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया गया विकसित भारत का संदेश दिया

गौचर, 26 दिसंबर (गुसाईं)। पालिका क्षेत्र गौचर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में जहां विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी वहीं समूह से जुड़ी महिलाओं व स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से विकसित भारत का संदेश दिया।

नगरपालिका गौचर के तत्वावधान में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल व निवर्तमान पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया है कि 2047 तक भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाना है।

उन्होंने कहा कि जब विदेशों में भी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में मोदी मोदी के नारे लगाए जाते हैं तो भारत के नागरिक का गर्व से सीना चौड़ा होता है। उन्होंने नाम लिए बगैर विपक्षी सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दस सालों के कार्यों की तुलना की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की तमाम योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी दी। इससे पूर्व खाद्य पूर्ति, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपने अपने विभागों से संबंधित जानकारियां दी।

सरस्वती विद्या मंदिर, शिशु मंदिर, केंद्रीय विद्यालय के छात्र छात्राओं ने स्वच्छ भारत विकसित भारत पर एकांकी नाटकों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। रावल देवता स्वयं सहायता समूह रावलनगर, क्षेत्रपाल रावल देवता समूह बंदरखंड की महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों का खूब मनोरंजन किया।

इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयकृत बिष्ट, मंडल अध्यक्ष दिनेश डिमरी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, निवर्तमान सभासद अंजनी नेगी, जेष्ठ प्रमुख प्रदीप चौहान, प्रकाश शैली, पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत गुप्ता,अवर अभियंता राजीव चौहान, लिपिक सुबोध रावत, रघुनाथ खत्री, प्रीति आदि कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!