गौचर पॉलिटेक्निक में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

गौचर, 30 सितम्बर (गुसाईं)। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर में जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण और तकनीकी नवाचार प्रतियोगिताओं के साथ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें चमोली जिले के छह राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने मोटे अनाज और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए छात्रों से नवाचार और तकनीकी दक्षता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक इंजीनियर राजकुमार ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत इसी सप्ताह रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।
प्रतियोगिताओं में मेजबान गौचर के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर के अमित ने प्रथम, गोपेश्वर के अभिषेक ने द्वितीय और गौचर की संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में गौचर की ऐश्वर्या प्रथम, प्रियंका द्वितीय और पोखरी के अर्पित तृतीय रहे।
तकनीकी नवाचार प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गौचर के विद्यार्थियों ने द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप बुटोला ने किया। इस अवसर पर अनूप नेगी, नीतीश चौधरी, संयोजक लोकेंद्र रावत, मनीष नेगी, विमला शर्मा, द्वारिका प्रसाद पुरोहित, जितेंद्र पंवार, अरविंद रावत, अमित कुमार और आशीष सिंह सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
