गौचर मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

जर्जर मुख्य द्वार और मुआवजा प्राप्त भवनों को न हटाए जाने पर जताई नाराजगी
गौचर, 9 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। चमोली जिले के ऐतिहासिक गौचर मैदान में 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेला स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के मुख्य द्वार की जर्जर स्थिति तथा मुआवजा दिए जाने के बावजूद मुख्य मार्ग पर स्थित भवनों को अब तक ध्वस्त नहीं किए जाने पर नाराजगी भी जताई।
मुख्यमंत्री के गैरसैंण में आयोजित कार्यक्रम के बाद गौचर पहुंचे जिलाधिकारी ने मेला मैदान के लेआउट, सांस्कृतिक मंच, स्टॉल, प्रदर्शनी स्थल, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले आगंतुकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और सुचारु यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन वाहन उपलब्ध रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की नियमित गुणवत्ता जांच, चिकित्सा एवं एंबुलेंस सुविधा, वाटर एटीएम तथा वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मेले के मुख्य प्रवेश द्वार की जर्जर स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मेले के सांस्कृतिक मंच को नया स्वरूप दिया गया है, लेकिन वर्षों पहले निर्मित मुख्य प्रवेश द्वार की बदहाल स्थिति मेले की सुंदरता और मंच की भव्यता को प्रभावित कर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्य मार्ग पर स्थित उन भवनों का मामला भी उठाया, जिनके स्वामियों को मुआवजा दिया जा चुका है, लेकिन भवनों को अब तक ध्वस्त नहीं किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से इसका कारण पूछा और मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों और मेला समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

