क्षेत्रीय समाचार

ज्योतिर्मठ में पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों का सम्मान

ज्योतिर्मठ, 13 नवंबर (कपरूवाण)। उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा में सैनिकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ में पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा और समाजसेवा में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक कैप्टन महेंद्र सिंह राणा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित समारोह में ज्योतिर्मठ क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिक बलों में सेवाएं दे चुके जवानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सैनिकों के संघर्ष, अनुभव और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य परंपरा पर प्रकाश डाला गया।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुबीर सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक संगठन के जिला समन्वयक भागवत प्रसाद थपलियाल, संगठन के जिलाध्यक्ष कैप्टन दर्शन सिंह बिष्ट, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डू लाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष डिमरी, जिला विकास प्राधिकरण के सदस्य भगवती नंबूरी, कर्मकार बोर्ड के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य राकेश भंडारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सैनिक केवल देश की सीमाओं के प्रहरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक भी हैं। विषम भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों में परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा में उनका योगदान अतुलनीय है। उत्तराखंड की धरती ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। सीमांत ज्योतिर्मठ क्षेत्र की भी समृद्ध सैन्य परंपरा रही है। यहां के अनेक युवाओं ने सेना और अर्धसैनिक बलों में सेवाएं देकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

वक्ताओं ने केंद्र सरकार की ओर से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, पुनर्वास, रोजगार और पारिवारिक कल्याण से संबंधित सुविधाओं का लाभ सभी पात्र पूर्व सैनिकों तक पहुंचाना आवश्यक है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह बिष्ट ने कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। सीमांत क्षेत्रों की पहचान यहां के वीर सैनिकों की राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवाभाव से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी पूर्व सैनिक अपने अनुभव, अनुशासन और सामाजिक सक्रियता से समाज को दिशा देते हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

समारोह में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़ी समस्याओं, अधिकारों तथा सरकारी सुविधाओं पर भी विचार रखे। उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना मजबूत होती है। साथ ही नई पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन, त्याग और सेवाभाव जैसे मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

समारोह का समापन सैनिकों के सम्मान, सामाजिक एकता और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!