बलाण गांव की मोटर सड़क का 22 अप्रैल को होगा भूमि पूजन
थराली, 20 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। विकास खंड देवाल के अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव बलाण में बहुप्रतीक्षित मोटर सड़क का आगामी 22 अप्रैल को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा भूमि पूजन किया जाएगा।
देवाल के विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत घेस सड़क के किलोमीटर 11 से हाईस्कूल बलाण तक 2.200 किमी मोटर सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 99 लाख 13 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि इस बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमि पूजन आगामी 22 अप्रैल को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, देवाल प्रमुख तेजपाल सिंह रावत तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया जाएगा।
