काण्डई में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर, 100 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण
पोखरी, 31 मई (राणा)। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से संस्कृति सेवा फाउंडेशन सोसाइटी, देहरादून द्वारा काण्डई स्थित चन्द्रशिला प्राथमिक विद्यालय में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ. संदीप पाल ने लगभग 100 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान उन्होंने लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक पद्धति एवं स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से अनेक बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ विभिन्न रोगों के उपचार एवं बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की। शिविर में आवश्यक परामर्श के साथ लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर फार्मेसिस्ट राहुल, ऑपरेटर अजय चौहान, एस.के. मिश्रा, ग्राम प्रधान भगत भंडारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गोदाम्बरी राणा, देवेंद्र सिंह नेगी, संजय किमोठी, बरदेई देवी, अंजना देवी, प्रियाशु राणा, नवदीप राणा, अंशुल नेगी एवं तारा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए संस्था का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।
