Front Page

गदरपुर को 28.30 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

गदरपुर,  31  जुलाई। । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में 28.30 करोड़ रुपये की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने 6.94 करोड़ रुपये की पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 21.36 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में 2.76 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विकासखंड गदरपुर कार्यालय भवन, 69.19 लाख रुपये का हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा 3.49 करोड़ रुपये की लागत से बना गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं।

शिलान्यास की गई योजनाओं में 18.40 करोड़ रुपये की लागत से बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय होते हुए गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क निर्माण, रामजीवनपुर नंबर-3 व मझरशिला, जयनगर नंबर-4, गुरुनानकपुर तथा कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी ग्राम तक विभिन्न इंटरलॉकिंग टाइल सड़कों के निर्माण कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन, ग्रामीण विकास और नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नए बस स्टेशन में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, नए विकासखंड कार्यालय से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिलान्यास के साथ-साथ परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर उनका लोकार्पण करने की कार्यसंस्कृति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!