क्षेत्रीय समाचार

थराली से चुनाव लड़ने की तैयारी में गणेश शाह, 2027 के लिए ठोकी दावेदारी

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 21 जून। कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने शनिवार को थराली में आयोजित पत्रकार वार्ता में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि वह थराली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी भी प्रस्तुत करेंगे।
गणेश शाह ने कहा कि उनके माता-पिता पूर्व में थराली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को आज भी क्षेत्र की जनता याद करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है तथा केंद्र और राज्य सरकारें लगातार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से वह थराली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का लगातार दौरा कर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें जनता का भरपूर स्नेह और समर्थन मिल रहा है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में वह अपनी दावेदारी अवश्य पेश करेंगे, लेकिन अंतिम निर्णय भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को लेना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसके पक्ष में कार्य करेंगे। पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि होगा।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने देहरादून में पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉकों की मध्यस्थली कुलसारी में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने डीजीपी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिस पर पुलिस महानिदेशक ने चमोली के पुलिस अधीक्षक को कुलसारी में पुलिस चौकी खोलने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
गणेश शाह ने कहा कि कुलसारी क्षेत्र में पॉलीटेक्निक कॉलेज संचालित है, जबकि यहां जिला उप चिकित्सालय की स्थापना की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके अलावा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम और हेलिपैड जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मौजूद हैं तथा आसपास तीन दर्जन से अधिक गांव स्थित हैं। ऐसे में क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कुलसारी में पुलिस चौकी की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!