पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार अलर्ट: ईंधन आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा और भारतीयों की मदद के लिए व्यापक इंतजाम
- देश के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है
- घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है; कल 54 लाख से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए
- वाणिज्यिक एलपीजी का आबंटन संकट-पूर्व स्तर के 70% तक बढ़ गया है
- अब तक 938 से अधिक भारतीय नाविक सुरक्षित रूप से स्वदेश लौट चुके हैं, जिनमें पिछले 24 घंटों में 25 शामिल हैं
- भारत भर में पत्तन संचालन सामान्य बना हुआ है और कोई भीड़भाड़ नहीं है
- बचाव और उड़ान संचालन जारी रहने से लगभग 5 लाख यात्री भारत लौटे
नयी दिल्ली,28 मार्च (PIB)पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण घटनाक्रमों के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री संचालन और क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी तेज कर दी है। सरकार का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने जैसी चुनौतीपूर्ण स्थिति के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बहु-स्तरीय कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही समुद्री व्यापार, भारतीय नाविकों की सुरक्षा और खाड़ी देशों में फंसे या लौटने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को सहायता देने के लिए भी केंद्र सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है।
