Front Page

28 अप्रैल को होगा उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र

 

देहरादून, 23 अप्रैल। उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आगामी 28 अप्रैल को आहूत किया गया है। राज्यपाल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह विशेष सत्र प्रातः 11:00 बजे से विधानसभा भवन, देहरादून में आयोजित होगा।

विधान सभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 174(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड राज्य की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के लिए विशेष चर्चा हेतु इस विशेष सत्र को आहूत किया है।

अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल ने दिनांक 23 अप्रैल  को यह आदेश जारी करते हुए विधानसभा सचिवालय को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सत्र का आयोजन देहरादून स्थित विधानसभा भवन में किया जाएगा, जिसमें राज्य के महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।

विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी प्रतिलिपि में यह भी उल्लेख किया गया है कि सत्र की सूचना विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, मुख्य सचिव तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।

माना जा रहा है कि इस विशेष सत्र में नारी शक्ति बंदन विधेयक को लेकर चर्चा हो सकती है। विपक्षी कांग्रेस नें यही आशंका प्रकत की है। सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपने-अपने मुद्दों को लेकर तैयारी में जुट गए हैं। इस सिलसिले में कांग्रेस ने आज विधान सभा के समक्ष धरना भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!