कल्पनाथ में भारी बारिश से तबाही, मंदिर परिसर और भोग मंडी को नुकसान
ज्योतिर्मठ, 18 अगस्त (कपरूवाण)। उर्गम घाटी स्थित पंचकेदारों में एक कल्पनाथ धाम में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद मलबा आने से व्यापक नुकसान की सूचना है। रात करीब 12 बजे बारिश के बाद अचानक मलबा मंदिर की ओर आया, जिससे मंदिर परिसर, भोग मंडी, धर्मशाला और आसपास के अन्य भवनों को भारी क्षति पहुंची है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पूजा सामग्री रखने का भंडार और भोग मंडी में रखा सामान मलबे की चपेट में आने से पूरी तरह बर्बाद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया। उपजिलाधिकारी सीएस वशिष्ठ ने बताया कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
मंदिर के पुजारी दरबान सिंह नेगी, रामप्रसाद नेगी आदि ने बताया कि कल्पनाथ मंदिर मुख्य रूप से सुरक्षित है, लेकिन मंदिर के आसपास स्थित भवनों, हवन कुंड, भोग मंडी और पूजा सामग्री के भंडार को काफी नुकसान हुआ है। मलबा आने से कल्पनाथ धाम तक पहुंचने वाला मार्ग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रही है। स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार बारिश के बाद आए मलबे से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में भी चुनौती सामने आ सकती है।
