Front Page

राज्यपाल से मिलकर की हल्द्वानी हिंसा की शिकायत

 

देहरादून, 10 फरबरी। हल्द्वानी हिंसा के बाद जहां एक ओर सीएम कह आये हैं कि एक-एक उपद्रवी की पहचान की जाएगी, वहीं दूसरी ओर इंडिया अलायंस और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल ले. जन. (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह से मिलकर वस्तुस्थिति के बारे में बताया और इस घटना के जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत हटाने की मांग की।

राज्यपाल से प्रतिनिधि मंडल ने यह भी कहा बनभूलपुरा में मस्जिद और मदरसा को तोड़ने से पहले जो सावधानी बरती जानी चाहिए थी, वह नहीं बरती गई। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन भी दिया। राज्यपाल में प्रतिनिधि मंडल की मांगों पर हर संभव कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

इंडिया अलायंस गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों और सिविल सोसायटी के लोग सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में राजभवन पहुंचे। राजभवन में एक सकारात्मक वातावरण के बीच कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा उत्तराखंड इंसानियत मंच के डॉ. रवि चोपड़ा और सर्वोदय मंडल के हरबीर कुशवाहा ने हल्द्वानी घटना के विभिन्न पहलुओं को जानकारी दी। करन माहरा ने कहा कि मस्सिद और मदरसे को तोड़ने से पहले जो जरूरी तैयारी थी वह नहीं की गई। समय शाम चार बजे चुना गया, जो गलत था। उन्होंने इस मामले में लोगों पर रासुका के तहत मुकदमे दर्ज करने पर भी ऐतराज जताया और कहा कि वे लोग आतंकवादी नहीं। सिर्फ मस्जिद तोड़े जाने के कारण धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के कारण संभवतः उन्होंने पथराव किया गया।
उत्तराखंड इंसानियत मंच के डॉ. रवि चोपड़ा ने दिल्ली में 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों का हवाला देते हुए बताया कि इस तरह की कोई भी घटना बिना सत्ता के संरक्षण के नहीं होती। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में ऐसा होने की पूरी संभावना है। इसलिए मामले की न्यायिक जांच करवाई जानी चाहिए। सर्वोदय मंडल के हरबीर कुशवाहा ने जिले के डीएम और एसएसपी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को हटाने की मांग की।
इस प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस अध्यक्ष किरन माहरा के अलावा पार्टी की गरिमा दसौनी, शीशपाल बिष्ट, याकूब सिद्धिकी, लाल चंद शर्मा आदि शामिल थे। सीपीआई के समर भंडारी, सीपीएम के राजेन्द्र सिंह नेगी, सीपीआई माले के इंद्रेश मैखुरी, आम आदमी पार्टी के रविन्द्र आनन्द और सपा के डॉ. एसएन सचान भी प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे। सिविल सोसायटी की और से उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत, उत्तराखंड इंसानियत मंच के डॉ. रवि चोपड़ा, सर्वाेदय मंडल के हरबीर सिंह कुशवाहा, अखिल भारतीय किसान सभा के सुरेन्द्र सिंह सजवाण और सोशल एक्टिविस्ट व पत्रकार त्रिलोचन भट्ट शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!