धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी की धूम, मध्यरात्रि में मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

 

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 4 सितम्बर (कपरुवाण)। बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जन्मोत्सव को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने इस अवसर पर मंदिर और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की मौजूदगी में श्री बदरीनाथ मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। मध्यरात्रि में प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
जन्मोत्सव के लिए मंदिर परिसर में विशेष झूला लगाया गया है। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को पालने में विराजमान कर पूजा-अर्चना और विशेष आरती की जाएगी। भगवान को विशेष भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। जन्माष्टमी को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह और परिसर की विशेष साज-सज्जा की गई है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ जन्माष्टमी के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही बदरीनाथ धाम पहुंच गए थे।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचे तीर्थयात्री जन्माष्टमी के धार्मिक अनुष्ठानों में भी शामिल हो रहे हैं। श्री बदरीश पंडा पंचायत की ओर से शनिवार को भी जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी युद्धबीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, संदीप कपरुवाण, योगंबर नेगी सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!