उत्तराखंड कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को धार देंगे के.सी. वेणुगोपाल, 9-10 जुलाई को देहरादून दौरा
देहरादून, 5 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल 9 और 10 जुलाई को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आएंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि श्री वेणुगोपाल अपने प्रवास के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, संगठन पदाधिकारियों तथा विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे श्री वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी, जिसमें राज्य के समसामयिक राजनीतिक परिदृश्य और संगठनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसी दिन सायं 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात सायं 6 बजे पार्टी के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियानों तथा चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
दौरे के दूसरे दिन 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे से श्री वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे और उनके सुझाव प्राप्त करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3 बजे वे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसमें उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा आगामी रणनीति पर पार्टी का दृष्टिकोण सामने रखे जाने की संभावना है। पत्रकार वार्ता के बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस दौरे में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने, आगामी राजनीतिक अभियानों की रूपरेखा तथा विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विशेष फोकस रहेगा। ऐसे में श्री वेणुगोपाल का यह दौरा प्रदेश कांग्रेस के लिए रणनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
