केदारनाथ हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सफल
देहरादून, 25 अप्रैल। गत 15 अप्रैल 2026 को सायं 6:00 बजे से केदारनाथ हेली शटल सेवा के लिए 22 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 की अवधि हेतु ऑनलाइन बुकिंग हेली यात्रा बुकिंग पोर्टल के माध्यम से प्रारंभ की गई। निर्धारित अवधि के लिए कुल 31,450 सीटों की बुकिंग खोली गई थी, जिनमें 10,855 टिकटों के माध्यम से सभी 31,450 सीटों की सफलतापूर्वक बुकिंग कर ली गई।
ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया की समीक्षा के लिए उत्तराखंड पर्यटन के टूरिस्ट हेल्पलाइन कॉल सेंटर द्वारा 565 रैंडम कॉल की गईं। विश्लेषण में पाया गया कि बुकिंग में उपयोग किए गए 10,859 मोबाइल नंबरों में से 4,400 नंबर वास्तविक यात्रियों से मेल खाते पाए गए। आंकड़ों के अनुसार लगभग 51 प्रतिशत बुकिंग स्वयं यात्रियों द्वारा की गई, जबकि 49 प्रतिशत बुकिंग अन्य माध्यमों से कराई गईं।
बुकिंग प्रक्रिया के दौरान पहला टिकट सायं 6:02 बजे तथा अंतिम टिकट सायं 7:28 बजे बुक किया गया। सायं 6:10 बजे से 6:32 बजे के बीच पीक समय दर्ज किया गया। इस अवधि में 6:10 बजे 849 बुकिंग दर्ज की गईं और 6:32 बजे तक बुकिंग संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र से सर्वाधिक 1,708 बुकिंग दर्ज की गईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश से 1,243, दिल्ली से 867, तेलंगाना से 864, कर्नाटक से 801 तथा गुजरात से 700 बुकिंग दर्ज की गईं।
बुकिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रति यूज़र अधिकतम 2 बुकिंग तथा अधिकतम 12 सीटें बुक करने की अनुमति दी गई। एक IP एड्रेस से अधिकतम 5 यूज़र आईडी द्वारा बुकिंग की जा सकती है, जबकि एक बुकिंग में अधिकतम 6 यात्रियों को शामिल करने का प्रावधान रखा गया। इस प्रकार एक यूज़र द्वारा कुल 12 यात्रियों तक की बुकिंग संभव बनाई गई।
वर्तमान तक 510 बुकिंग आईडी के सापेक्ष कुल 913 सीटों के लिए कैंसलेशन दर्ज किए गए हैं।
राज्य सरकार के अनुसार यह पूरी बुकिंग प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई, जिससे यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और विश्वसनीय हेली सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
