Front Page

खटीमा में अपशिष्ट प्रबंधन को मिले 15 वाहन, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी

नेस्ले इंडिया ने सात ग्राम पंचायतों को दिए इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन

 

खटीमा, 25 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन भी शामिल हैं।

नेस्ले इंडिया ने धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई ग्राम पंचायतों के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया है। कार्यक्रम में ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ठोस एवं तरल अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन के लिए आधुनिक संसाधनों के उपयोग के साथ जनभागीदारी और कॉरपोरेट क्षेत्र का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा स्वावलंबी मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। सरकार का प्रयास प्रदेश में कचरा संग्रहण से लेकर उसके निस्तारण तक की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने का है।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर जिले की सभी 373 ग्राम पंचायतों को 71 क्लस्टरों में बांटकर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ समझौते किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इनमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 134 ई-रिक्शा और 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व तथा अन्य योजनाओं से मिले वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत की ओर से कचरा संपीड़क वाहनों का भी संचालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, महापौर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!