राजजात मार्गों के निर्माण कार्यों का संयुक्त निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया गया जोर
थराली, 16 जून (हरेंद्र बिष्ट)। लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा एवं देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने जनप्रतिनिधियों के साथ नंदा देवी राजजात यात्रा के तहत चल रहे सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मंगलवार को निरीक्षण दल ने पहले राज्य मार्ग संख्या-91 ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने कार्यों की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए मानकों के अनुरूप निर्माण न होने की बात उठाई। इस पर अधिशासी अभियंता ने संबंधित कार्यदायी संस्था को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इसके बाद दल ने राज्य मार्ग संख्या-90 थराली-देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संबंधी सुझाव दिए, जिस पर अधिकारियों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों के तहत थराली-देवाल-मंदोली-वांण मार्ग के 52.20 किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण के लिए 32.69 करोड़ रुपये तथा ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डीबीएम/बीसी डामरीकरण के लिए 18.06 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों मार्गों पर इन दिनों लोक निर्माण विभाग थराली की देखरेख में कार्य चल रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता बबिता, अवर अभियंता श्रीजय, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, अरुण कुमार, इंद्र सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गंगा सुयाल एवं शंकर सिंह गड़िया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
