क्षेत्रीय समाचार

हिमालय की जैव विविधता में हर्बल ड्रग की संभावनाओं पर व्याख्यान माला आयोजित

पोखरी, 16 अप्रैल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में जंतु विज्ञान विभाग द्वारा “हिमालय की जैव विविधता में हर्बल ड्रग की संभावनाएं” विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों ने अपने शोध अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ प्लांट साइंसेज, एग्रीकल्चरल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन, इजरायल के डॉ. भानु तथा जॉर्जिया मेडिकल कॉलेज, जॉर्जिया (यूएसए) की डॉ. पूनम रावत उपस्थित रहीं।
डॉ. भानु ने अपने शोध कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए पशुओं में लगने वाले पिस्सुओं की रोकथाम के लिए धतूरा मेटल नामक पौधे से विकसित हर्बल दवा की जानकारी दी। उन्होंने इसकी क्रियाविधि तथा शोध प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं डॉ. पूनम रावत ने “बढ़ती उम्र की महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन को ठीक करने में फाइटो-एस्ट्रोजन की भूमिका” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर घटने लगता है, जिससे ऑस्टियोपोरोसिस, स्तन कैंसर, मूड स्विंग तथा अन्य व्यवहारिक समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की जैव विविधता में ऐसे अनेक पौधे मौजूद हैं, जिनमें प्राकृतिक रूप से फाइटो-एस्ट्रोजन पाया जाता है। इनसे तैयार हर्बल दवाएं हार्मोन संतुलन बनाए रखने में सहायक हो सकती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नंद किशोर चमोला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महाविद्यालय में शोध एवं अध्ययन का सशक्त वातावरण तैयार करते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. कंचन सहगल ने बताया कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है और अनुसंधान के प्रति उनकी रुचि बढ़ती है। कार्यक्रम का संचालन वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अभय श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. अनिल कुमार, डॉ. शाज़िया सिद्दीक़ी, डॉ. रामानन्द, डॉ. केवलानंद, डॉ. अंजलि रावत, डॉ. रेनु सनवाल, डॉ. आरती रावत, डॉ. राजेश भट्ट, श्री चंदन कुमार, श्री चंद्रेश सिंह, श्री विमल बिष्ट, श्री प्रदीप सिंह सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!